शाह के जम्मू दौरे को यादगार बनाने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अमित शाह के पहले जम्मू दौरे को प्रदेश इ
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अमित शाह के पहले जम्मू दौरे को प्रदेश इकाई यादगार बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पार्टी नेताओं से कहा गया है कि वे अपने इलाकों में सुनिश्चित करें कि कार्यकर्ता सौंपी गई जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाएं। अमित शाह 29 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान जम्मू एयरपोर्ट से लेकर गेस्ट हाउस तक मार्ग को बैनरों, भाजपा के झंडों से सजाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता एयरपोर्ट और गेस्ट हाउस में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगे। बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा प्रभारियों के साथ जम्मू व आसपास के इलाकों के नेताओं से बैठक की। राज्य प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को भी आना था, लेकिन व्यस्तता के कारण वह नही आ पाए। प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कौल व अशोक खजूरिया ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को कामयाब बनाने के लिए हर संभव कोशिश करें। उनके दौरे से एक अच्छा संदेश जाना चाहिए। दोपहर को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में मंत्रियों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भाजपा की जम्मू, जम्मू पश्चिम, आरएस पुरा, जम्मू ग्रामीण व अखनूर जिला इकाइयों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। सत शर्मा ने कहा कि शाह का जम्मू आना हमारे लिए बड़े गौरव की बात है। अमित शाह उच्च सिद्धांतों वाले नेता हैं व उनके जम्मू आने से नेताओं, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। लिहाजा कार्यकर्ता उनके आने वाले पूरा जोश दखाए। डॉ. निर्मल सिंह ने अमित शाह की जम्मू में होने वाली बैठकों का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष इनके माध्यम से निर्देश देने के साथ आम लोगों से भाजपा का स्टैंड भी स्पष्ट करेंगे। अशोक कौल ने मंत्रियों व विधायकों से कहा कि वे अपने इलाकों में कार्यकर्ताओं को शाह के दौरे को लेकर उत्साहित होकर कार्य करने केलिए कहें। बैठक में पीएचई मंत्री शाम चौधरी, उद्योग मंत्री चन्द्र प्रकाश गंगा, स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत, पर्यटन राज्यमंत्री प्रिया सेठी, महासचिव डा नरेन्द्र सिंह, पवन खजूरिया, विधायक राजेश गुप्ता, सुखनंदन चौधरी, कुलदीप कुमार, देवेन्द्र मन्याल, राजीव शर्मा, दिलीप परिहार, एमएलसी रमेश अरोड़ा, चरणजीत सिंह खालसा, सुरेन्द्र अंबरदार, विक्रम रंधावा , प्रदीप शर्मा व जीएल रैना भी मौजूद थे।