जोबिया ने लड़कियों के वर्ग में जीता स्वर्ण पदक
जागरण संवाददाता, जम्मू : श्रीनगर की जोबिया उमर ने खेलो इंडिया योजना के तहत स्टेट वुशु प्रतियोगिता मे
जागरण संवाददाता, जम्मू : श्रीनगर की जोबिया उमर ने खेलो इंडिया योजना के तहत स्टेट वुशु प्रतियोगिता में भाग लेकर लड़कियों के अंडर-14 आयुवर्ग की 24 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। जम्मू विश्वविद्यालय में चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन रजिस्ट्रार प्रो. केशव शर्मा ने किया जबकि रंजीत विशेष अतिथि थे। प्रतियोगिता में राज्य के 18 जिलों से 550 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
भारतीय वुशु टीम के चीफ कोच कुलदीप हांडू की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता के तहत लड़कों एवं लड़कियों के अंडर-14 आयुवर्ग में मुकाबले हुए। अंडर-14 लड़कियों के 24 किलोग्राम से कम भार वर्ग में श्रीनगर की जोबिया उमर ने स्वर्ण, ऊधमपुर की कीर्ति ने रजत, बांडीपोरा की सानिया अकरम व बड़गाम की आयत ने कांस्य पदक जीते।
28 किलोग्राम से कम भार वर्ग में श्रीनगर की अलिजा शाह स्वर्ण, बड़गाम की पाकिजा रहमान रजत, कुलगाम की अरबीना मंजूर व जम्मू की आयशा हयात ने कांस्य पदक हासिल किए। 32 किलोग्राम से कम भार वर्ग में श्रीनगर की आइरा चिश्ती ने स्वर्ण, बांडीपोरा की लायका मुश्ताक ने रजत, बड़गाम की बिसमा नजीर व अनंतनाग की साबिया गुल ने कांस्य पदक जीते।
लड़कों के अंडर-14 आयु वर्ग के 32 किलोग्राम से कम भार वर्ग में गांदरबल के बाजिल आयूब ने स्वर्ण, बड़गाम के युनूस खान ने रजत, बारामूला के मोहम्मद आतिफ व सांबा के मनु कुमार ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किए।