मुखबिर होने के शक को लेकर कबाड़ी पर जानलेवा हमला
जागरण संवाददाता, जम्मू : गांधी नगर के नानक नगर इलाके में नामी बदमाश ने कबाड़ी का काम करने वाले व्यक्त
जागरण संवाददाता, जम्मू : गांधी नगर के नानक नगर इलाके में नामी बदमाश ने कबाड़ी का काम करने वाले व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। हमलावर को कबाड़ी पर शक है कि वह पुलिस का मुखबिर है। हाल ही में हमलावर को गांधी नगर पुलिस ने मादक तस्करी के आरोप में भी गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के पीछे कबाड़ी का ही हाथ था। घायल की पहचान संजीव कुमार निवासी नानक नगर के रूप में हुई।
यह घटना बुधवार शाम की है। संजीव कुमार अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी बीच कल्लू निवासी गौरखा नगर, बाग-ए-बाहु अपने एक साथी के साथ वहां आ पहुंचा। दोनों आरोपियों ने संजीव को पकड़ लिया और उसे भागने का मौका भी नहीं दिया। इसी बीच कल्लू ने तेजधार हथियार निकाल कर संजीव कुमार पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। खून से लथपथ संजीव को मौके पर छोड़ कर दोनों आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने संजीव को जीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना की जानकारी मिलते ही गांधी नगर थाने से जांच अधिकारी को घायल कबाड़ी के बयान दर्ज करने के लिए जीएमसी अस्पताल भेज दिया गया। एसएचओ गांधी नगर रीतेश संब्याल का कहना है कि संजीव की हालत बयान देने योग्य नहीं है। उसके बयानों के आधार पर ही पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाएगी। काबिलेगौर है कि कल्लू पर पहले भी शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट करने के अलावा पुलिस कर्मियों पर भी हमला करने के मामले दर्ज है।