भूमि बेचने के नाम पर महिला से ठगी
जागरण संवाददाता, जम्मू : दोमाना इलाके में महिला को भूमि बेच कर उससे ठगी करने का मामला प्रकाश में आया
जागरण संवाददाता, जम्मू : दोमाना इलाके में महिला को भूमि बेच कर उससे ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के अनुसार आरोपी ने पहले उसे भूमि बेची और उससे भूमि का बयाना भी लिया। इसके बावजूद आपराधिक मंशा से भूमि बेचने वाले व्यक्ति ने उस भूमि पर निर्माण कर डाला। बार-बार करने पर भी न तो महिला को बयाना की रकम लौटाए गई और न ही उसे भूमि दी गई। महिला की शिकायत पर दोमाना थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोर्ट के माध्यम से थाने में दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसने रायपुर दोमाना में रहने वाले शिव देव सिंह से एक प्लाट खरीदा था। दोनों दलों में बयाना (पेशगी) हो गई। भूमि की बकाया राशि को तय समय के भीतर देने की बात हुई थी। कुछ दिनों के बाद महिला जब उस भूमि पर पहुंची तो वहां दुकान बन चुकी थी। दुकान के अलावा कुछ और निर्माण कार्य को भी अंजाम दिया गया था। महिला ने जब भूमि बेचने वाले व्यक्ति से बात की तो उसने महिला को संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। ठगे जाने का अहसास होने पर महिला दोमाना थाने में शिकायत करने पहुंची, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद महिला कोर्ट की शरण में पहुंचीं। कोर्ट ने दोमाना पुलिस को मामले को दर्ज कर महिला के आरोपों की जांच करने के आदेश दिए। एसएचओ दोमाना रतन सिंह राणा के अनुसार आरोपों की जांच की जा रही है।