भाजपा-पीडीपी जेएंडके को इस्लामिक स्टेट बनाने पर तुले: हर्षदेव
राज्य ब्यूरो, जम्मू : पैंथर्स पार्टी ने जम्मू के महत्वकांक्षी बाहुफोर्ट केबल कार प्रोजेक्ट का नाम बद
राज्य ब्यूरो, जम्मू : पैंथर्स पार्टी ने जम्मू के महत्वकांक्षी बाहुफोर्ट केबल कार प्रोजेक्ट का नाम बदलने की कोशिश को जनसांख्यक स्वरूप बदलने की साजिश बताया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा-पीडीपी सरकार राज्य को इस्लामिक स्टेट बनाने की साजिश को शह दे रही है। यंग पैंथर्स के प्रधान यशपाल कुंडल भी मौजूद थे। प्रदर्शनी मैदान के बाहर कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में अलगाववादी, कट्टरपंथी तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। भाजपा सब कुछ होता देख खामोश है। पार्टी चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रोजेक्ट का नाम बदलने संबंधी इस पार्टी के दावों पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। पार्टी के मंत्रियों ने श्री माता वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर सेवा पर टैक्स समाप्त करने का झूठा दावा किया था। पैंथर्स नेता ने आरोप लगाया कि केबल कार मुद्दे पर पर्यटन राज्य मंत्री झूठ बोल रही हैं कि प्रोजेक्ट को शाहबाद नाम नेकां-कांग्रेस सरकार ने दिया था। सच यह है कि 4 मार्च 2014 को केबल कार निगम व पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया था कि प्रोजेक्ट का नाम पीरखोह- बाहुफोर्ट है। उन्होंने बताया कि अब राज्य में ऐसे मामले सीधे सीधे कट्टरपंथी विचारधारा प्रभावी बनाकर राज्य को इस्लामिक स्टेट बनाने की कोशिश है। कश्मीर में हिन्दू धार्मिक स्थलों के नाम बदलने की कोशिशों का हवाला देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जनसांख्यक स्वरूप को बदलने की इन साजिशों को सरकारी स्तर पर नजरअंदाज करने के परिणाम घातक साबित होंगे। प्रदर्शन करने वालों को संबोधित करने वालों में यशपाल कुंडल, राजेश पडगोत्रा, गगन प्रताप सिंह, पुरषोत्तम परिहार, राज कुमार, निर्मल किशोर आदि मुख्य थे।