राज्य के लाखों कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन
मुख्य संवाददाता, जम्मू : देश में नोटबंदी का असर राज्य के सरकारी मुलाजिमों पर भी पड़ना शुरू हो गया
मुख्य संवाददाता, जम्मू : देश में नोटबंदी का असर राज्य के सरकारी मुलाजिमों पर भी पड़ना शुरू हो गया है। नवंबर का वेतन राज्य के लाखों कर्मचारियों को 8 दिसंबर गुजर जाने के बाद भी नहीं मिला है। हालांकि, राज्य के पेंशनधारकों के खातों में ऑनलाइन पैसे डाल दिए गए हैं। करीब पांच लाख कर्मचारी वेतन के इंतजार में है। सरकार ने 19 नवंबर को आदेश पारित किया था जिसमें नान गजटेड कर्मचारियों को यह पेशकश की गई थी कि अगर उन्हें पैसे की जरूरत है तो उन्हें एडवांस में दस हजार नवंबर माह तेइस तारीख को ही मिल जाएगा। विडम्बना यह है कि सरकार ने यह आदेश रिजर्व बैंक को विश्वास में लिए बगैर ही जारी कर दिया था। सरकार को इस आदेश से पीछे मुड़ना पड़ा। सरकार ने फिर 24 नवंबर को आदेश जारी किया जिसमें यह कहा गया कि कर्मचारियों को वेतन नवंबर माह पूरा होने के बाद दिया जाएगा। हद तो यह है कि दिसंबर की 8 तारीख गुजर चुकी है। राज्य के कर्मचारियों को अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है जिनकी संख्या पांच लाख के करीब है। राज्य की सभी सरकारी ट्रजरियां खाली पड़ी हुई हैं। कर्मचारियों का भी अब सब्र टूटता जा रहा है। सरकार ने पहले ही 500 और हजार का नोट बंद कर लोगों की तकलीफ और बढ़ा दी है। ऐसे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की दिक्कतें और बढ़ती जा रही हैं। राज्य के वित्त मंत्री हसीब द्राबू से बात करनी चाहिए तो संपर्क नही हो पाया।