युद्ध के परिणाम घातक होंगे : महबूबा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत-पाकिस्तान में युद्ध बड़ी त्रासदी का क
राज्य ब्यूरो, जम्मू : मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत-पाकिस्तान में युद्ध बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है। ऐसे में दोनों देश संयम बरत कर हालात को सामान्य बनाएं। गुलाम कश्मीर में आतंकी शिविरों पर सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद महबूबा ने कहा कि दोनों देशों में बढ़ रहे तनाव को कम करने की दिशा में अगर ठोस कदम नहीं उठाए तो दोनों और खून खराबा होगा। नई दिल्ली व इस्लामाबाद आपस में संपर्क स्थापित करें, ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर ने पहले ही बहुत नुकसान झेला है। राज्यवासियों के लिए इस समय सीमाओं का शांत रहना जरूरी है। दोनों देशों का नेतृत्व युद्ध टालने की दिशा में कदम उठाए। छह दशकों से चली आ रही दुश्मनी के परिणाम घातक हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परमाणु दौर में बातचीत और भी महत्व रखती है। परमाणु हथियारों से लैस भारत-पाक को चाहिए कि दुश्मनी बढ़ाने के बजाए एक-दूसरे को विकसित होने में सहयोग दें। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के दिसंबर 2015 में इस्लामाबाद में संयुक्त बयान का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तनाव का कारण बनने वाले मुद्दों पर बातचीत पर जोर दिया गया था। बातचीत के अलावा कोई विकल्प नहीं है। युद्ध लड़ने के बाद भी दोनों देश बातचीत के लिए मेज पर आए हैं। मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत का सहारा लें।