जम्मू में बन रहे 60 सामुदायिक बंकर
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सीमांत क्षेत्रों में बसने वाले लोगों को पाकिस्तानी गोलीबारी से बचाने के लिए जम
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सीमांत क्षेत्रों में बसने वाले लोगों को पाकिस्तानी गोलीबारी से बचाने के लिए जम्मू में 60 सामुदायिक बंकर बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने यह जानकारी बुधवार को विधान परिषद में दी। गृह विभाग का प्रभार संभालने वाली मुख्यमंत्री ने यह जानकारी विधान परिषद के सदस्य चरणजीत सिंह खालसा के प्रश्न के उत्तर में दी।
मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 में राज्य में पाकिस्तानी गोलीबारी में तेजी आई है। वर्ष 2014 में गोलीबारी के 190 मामलों में 14 लोग मारे गए थे जबकि 101 लोग घायल हुए थे। वहीं वर्ष 2015 में गोलीबारी के 222 मामलों में 16 लोगों की मौत हुई जबकि 71 लोग घायल हुए। वर्ष 2014 में पाकिस्तानी गोलीबारी में 4 सुरक्षा कर्मियों की मौत हुई थी जबकि 16 लोग घायल हो गए थे। वहीं गत वर्ष पाकिस्तानी गोलीबारी में 9 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी जबकि 14 घायल हो गए थे।
ऐसे में पाकिस्तानी गोलीबारी में तेजी से उपजे हालात को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू के विभिन्न सीमांत ब्लॉकों में 60 सामुदायिक बंकर बनाने को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हर बंकर बनाने पर पांच लाख रुपये का खर्च आएगा व इस समय इन बंकरों को तैयार करने का कार्य जोरशोर से जारी है।