आरक्षण के पक्ष में रैली को हरि सिंह पार्क जाने से रोका
जागरण संवाददाता, जम्मू : सामान्य वर्ग की आरक्षण विरोधी रैली के विरोध प्रदर्शन कर हरि सिंह पार्क पहुं
जागरण संवाददाता, जम्मू : सामान्य वर्ग की आरक्षण विरोधी रैली के विरोध प्रदर्शन कर हरि सिंह पार्क पहुंचने का प्रयास कर रहे ऑल इंडिया कंफेडरेशन ऑफ एससी/एसटी व ओबीसी के कार्यकर्ताओं के मंसूबों को पुलिस ने विफल बना दिया। कार्यकर्ताओं को प्रदर्शनी मैदान से आगे नहीं बढ़ने दिया गया, जिससे टकराव की स्थिति बनने से टल गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के कार्यकर्ता, हरिसिंह पार्क में ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जनरल कैटगरी) की हो रही आरक्षण विरोधी रैली के खिलाफ प्रदर्शनी मैदान में एकत्र हुए थे। कार्यकर्ता रैली निकाल कर हरि सिंह पार्क पहुंचना चाहते थे। इससे बनने वाले टकराव की आशंका को देखते हुए पहले ही प्रदर्शनी मैदान व हरि सिंह पार्क में पुलिस का जबरदस्त जमावाड़ा था।
हालांकि प्रदर्शनी मैदान में अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ताओं की संख्या बहुत ज्यादा नहीं थी, मगर पुलिस किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती थी। इसलिए बल का प्रयोग कर आरक्षित वर्ग के कार्यकर्ताओं को यहीं रोके रखा। एक बार तो कार्यकर्ता बैरियर को पार कर गए, मगर उससे आगे घेरा डाल कर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक लिया। यहां धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कार्यकर्ता डोगरा चौक में एकत्र होकर आरक्षण संरक्षण के समर्थन में नारे लगाने लगे। आल इंडिया कंफेडरेशन ऑफ एससी/एसटी व ओबीसी के प्रदेश अध्यक्ष आरके कलसोत्रा ने कहा कि आरक्षण संविधान में दिया हुआ हक है और इस पर किसी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी। जो लोग हमारे खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, वे संविधान के खिलाफ की बाते कर रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर गुज्जर बक्करवाल कांफ्रेंस के अनवर चौधरी, रौशन चौधरी, जगदीश पहलवान ने भी अपने विचार रखे।