अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी के लिए नहीं भटकना पडे़गा
जम्मू : पुरमंडल श्मशानघाट में अंतिम संस्कार करने के लिए अब लकड़ी के लिए परेशान नहीं होना पडे़गा। वन व
जम्मू : पुरमंडल श्मशानघाट में अंतिम संस्कार करने के लिए अब लकड़ी के लिए परेशान नहीं होना पडे़गा। वन विभाग ने पुरमंडल बस स्टैंड स्थित श्मशानघाट के पास ही लकड़ी का डिपो खोल दिया है। सरकार के इस फैसले का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि यहां दूर दूर से संस्कार करने के लिए लोग आया करते थे। उन्हें लकड़ी साथ ही लानी पड़ती थी। उसके बावजूद कई बार लकड़ी कम पड़ जाती थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे लोग आगे पीछे संस्कार करने के बजाए वहां बने शमशानघाट में ही संस्कार करेंगे। इससे प्राचीन मंदिरों के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी बढोतरी होगी। पुरमंडल के वरिष्ठ नागरिक जेएल बडू ने कहा कि लोगों को चाहिए कि अब वह पुरमंडल बस स्टैंड के नजदीक बने शमशान घाट में ही अंतिम संस्कार करें। इससे वहां आने वालों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने वहां लकड़ी का डिपो खोलने के निर्णय का स्वागत करते हुए वन मंत्री लाल सिंह का भी आभार व्यक्त किया।