अश्वमेध यज्ञ में उमड़ रहे श्रद्धालु
जागरण संवाददाता, जम्मू : सूर्य पुत्री तवीषी तट पर स्थित मौनी बाबा आश्रम में पिछले बीस दिनों से विश्व
जागरण संवाददाता, जम्मू : सूर्य पुत्री तवीषी तट पर स्थित मौनी बाबा आश्रम में पिछले बीस दिनों से विश्व शांति की कामना के साथ किए जा रहे श्री द्वादशकुण्डात्मक अश्वमेघ महायज्ञ में स्थानीय ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित की और यज्ञशाला की परिक्रमा भी की।
श्री श्री 1008 तपस्वी तपोबली वैरागी श्री मौनी जी महाराज के सानिध्य में करवाया जा रहा यह महायज्ञ सुबह विशेष पूजन के साथ आरंभ हो जाता है। मौनी बाबा जी महाराज स्वयं विधि विधान के साथ विद्वान पंडितों के साथ मंडल पूजन करते हैं। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलने वाली इस विशेष पूजन के बाद दोपहर 1 बजे जैसे ही महायज्ञ आरंभ हुआ श्रद्धालुओं का तांता लगना आरंभ हो गया। यज्ञ में शामिल होने के लिए जम्मू के अलावा पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, मध्य प्रदेश से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित की और यज्ञशाला की परिक्रमा भी ली। यज्ञ संपन्न होने के उपरांत आरती हुई जिसके बाद महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह यज्ञ लोगों के कल्याण के लिए युगों-युगों से करवाया जा रहा है। इसे स्वयं ब्रह्मा जी ने भी करवाया है। इसीलिए लोगों को यज्ञ में शामिल होना चाहिए। अश्वमेघ यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं को ऋषि वाल्मीकि द्वारा लिखी गई रामायण का रसपान भी करवाया गया। श्रद्धालुओं ने महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद भी लिया।