सत्य के मार्ग पर चलें
जागरण संवाददाता, जम्मू : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से बड़ी ब्राह्माणा के न्यू हार्वेस्ट स्कू
जागरण संवाददाता, जम्मू : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से बड़ी ब्राह्माणा के न्यू हार्वेस्ट स्कूल कांप्लेक्स में जारी कथा के दूसरे दिन साध्वी वैष्णवी भारती जी ने भक्त प्रहलाद की कथा सुनाते हुए संगत को सत्य मार्ग पर चलने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पिता हिरण्यकश्यप ने बेटे प्रहलाद को भगवान की भक्ति करने से कई बार रोकने का प्रयास किया। किंतु जो सत्य जान चुका होता है फिर वह असत्य को कैसे स्वीकार कर सकता है। साध्वी ने कहा कि सत्य मार्ग पर चलने वाले बाधाओं से विचलित नहीं होते। वे असत्यता के विरुद्ध एक क्रांति का बिगुल बजा देते हैं। आज भी जरूरत है एक ऐसी क्रांति की जो सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के विरुद्ध हो और उसका जड़ से उन्मूलन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रहलाद भी युवा थे और युवावर्ग आज भी है। राजनीतिक, सामाजिक या धार्मिक क्षेत्र में आज तक जितनी भी हितकर क्रांतियां हुई उनका मूल स्रोत युवा शक्ति ही रही है। किन्तु वर्तमान समाज की यह विडंबना है कि आज युवा वर्ग की धारा पूर्णत: विपरीत दिशा में बह रही है। आज करोड़ों लोग नशे के दलदल में गिर रहे है। परंतु यह भी तथ्य सामने आया है कि जब युवा वर्ग ने अध्यात्म की शरण ली तो जिस उल्लास की अनुभूति को उन्होंने नशे से पाया था, अब वे उसे नशे के बगैर अध्यात्म से पाना चाहते थे। कहने का अभिप्राय है कि जो शारीरिक व मानसिक सुख एक नशाखोर नशे से ढूंढता है, उससे अधिक आनंद अध्यात्म उसे दे सकता है। शुक्रवार को कथा का रसपान करने के लिए भाजपा विधायक शाम चौधरी, पूर्व मंत्री गुलचैन सिंह चाढ़क, पूर्व विधायक अश्विनी शर्मा, स्वामी सुचेतानंद भी पहुंचे थे।