44,673 शिवभक्तों ने किए हिमलिंग के दर्शन
रविवार को 13,936 श्रद्धालुओं ने हिमलिंग के दर्शन किए। दो जुलाई से शुरू हुई यात्रा के पहले चार दिनों में 44,673 शिवभक्त भोलेनाथ के दर्शन कर लौट चुके हैं। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से रविवार तड़के 2219 श्रद्धालुओं का पांचवां जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से रविवार तड़के 2219 श्रद्धालुओं का पांचवां जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ। उधर, पहलगाम व बालटाल से भी श्रद्धालु हर-हार महादेव के जयकारे लगाते हुए पवित्र गुफा की ओर बढ़ रहे हैं। रविवार को 13,936 श्रद्धालुओं ने हिमलिंग के दर्शन किए। दो जुलाई से शुरू हुई यात्रा के पहले चार दिनों में 44,673 शिवभक्त भोलेनाथ के दर्शन कर लौट चुके हैं।
सुबह जम्मू से रवाना हुए जत्थे में 1554 पुरुष, 488 महिलाएं, 27 बच्चे, 150 साधु शामिल थे, जो 69 वाहनों पर सवार होकर यात्रा पर निकले। पिछले पांच दिनों से यात्री निवास से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दस हजार का आंकड़ा पार कर गई है। वहीं, सीधे बालटाल व पहलगाम पहुंच कर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रशासन ने यात्री निवास भगवती नगर में पर्याप्त प्रबंध किए हैं। चूंकि यात्री निवास में दो हजार के करीब श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था है और करीब इतनी ही संख्या में यात्री आ रहे हैं, इसलिए कोई परेशानी पेश नहीं आ रही है।
दिल्ली से आए श्रद्धालु रवि कुमार, नेहा, विजय ने कहा कि वे पहली बार यात्रा के लिए जा रहे हैं। यात्रा प्रबंधों से संतुष्ट नजर आए रवि ने कहा कि वह जल्द से जल्द बाबा के दर्शन करना चाहते हैं।