अमित शाह जानेंगे राज्य के राजनीतिक हालात
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 17 मई को नई दिल्ली में प्रदेश भाजपा के कोर
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 17 मई को नई दिल्ली में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप से बैठक कर जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात व पार्टी गतिविधियों के बारे में जानकारी लेंगे।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, बैठक में सरकार बनने के बाद राज्य के हालात, मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, हाल ही में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आने वाले दिनों में अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा होगी। इस दौरान सरकार बनने के बाद पार्टी की भूमिका को लेकर दिशा-निर्देश भी मिलेंगे। बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद जुगल किशोर शर्मा, उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, सांसद शमशेर सिंह मन्हास, संगठन महामंत्री अशोक कौल व स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह 16 को दिल्ली रवाना हो जाएंगे। बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी हिस्सा लेंगे।
राज्य में भाजपा-पीडीपी की सरकार बनने के बाद दिल्ली में प्रदेश भाजपा की यह पहली कोर ग्रुप की बैठक होगी। इससे पहले अमित शाह ने राज्य में सरकार के गठन से पहले 20 फरवरी को प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठक की थी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बैठक में पार्टी गतिविधियों व आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा ने राज्य में करीब सात लाख लोगों को आनलाइन अपना कार्यकर्ता बनाया है। इसके साथ पहाड़ी जिलों में भी ऐसे हजारों नए कार्यकर्ता बनाए गए हैं जिनके पास मिस काल करने के लिए मोबाइल नहीं हैं। सदस्यता अभियान के साथ जल्द शुरू होने वाला कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण वर्ग भी इस बैठक का हिस्सा होगा।
---------------------