मुबारक मंडी में पर्यटकों को करें आकर्षित
राज्य ब्यूरो जम्मू, : मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद ने वीरवार को जम्मू शहर के विभिन्न इलाकों का दौ
राज्य ब्यूरो जम्मू, : मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद ने वीरवार को जम्मू शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जारी निर्माणाधीन कार्यों व प्रस्तावित प्रोजेक्टों का जायजा लिया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें हर संभव सुविधा मुहैया कराने के लिए मौके पर मंत्रियों व अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह व अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।
मुबारक मंडी में निर्माण कार्य का लिया जायजा :
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुबारक मंडी में चल रहे निर्माण कायरें का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यहां पर ऐसे कदम उठाए जाएं, जिससे यह पर्यटकों के लिए एक आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने। उन्होंने गैलरी और ग्रीन हाल का भी निरीक्षण किया। उनके साथ मौजूद सांस्कृति मंत्री प्रिया सेठी ने उन्हें विभिन्न कायरें के बारे में विस्तार से बताया।
बस स्टैंड का लिया जायजा :
मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग प्रोजेक्ट का जायजा लिया। जम्मू विकास प्राधिकरण के वाइस चेयरमैन ने 55.37 कनाल भूमि पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट का मुख्यमंत्री को ब्लूप्रिंट दिखाया। इसमें एक साथ 1300 कारें खड़ी की जा सकती हैं। इस प्रोजेक्ट से इंदिरा चौक से रघुनाथ बाजार और गुम्मट तक टै्रफिक की समस्या हल हो सकती है।
दिसंबर 2016 तक बनेगा फ्लाइओवर :
मुख्यमंत्री बिक्रम चौक में बन रहे फ्लाइओवर का जायजा लेने भी पहुंचे। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से 1.3 किलोमीटर लंबा यह फ्लाइओवर 95.50 करोड़ रुपयों की लागत से बन रहा है। इसका निर्माण कार्य अगले साल 2016 के अंत तक पूरा होना है। मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट को तय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने तीन शिफ्ट में काम करने को कहा।
वकीलों के चैंबर का किया निरीक्षण :
मुख्यमंत्री ने वकीलों के लिए बन रहे चैंबर का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि 71 हजार वर्ग फुट भूमि पर 18.52 करोड़ रुपयों से 213 चैंबर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने जेकेपीसीसी को भी निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
----------------------