इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देकर किया याद
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के 30वें शहीदी दिवस पर शुक्रवार
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के 30वें शहीदी दिवस पर शुक्रवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शहीदी चौक स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उप प्रधान ठाकुर हरि सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता के लिए जो कुर्बानी दी उसे आज की पीढ़ी हमेशा याद रखेगी। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में हमें एतिहासिक जीत मिली। देश में हरित क्रांति, बीस सूत्रीय कार्यक्रम, गरीबी हटाने के लिए व्यापक कदम उठाए गए। यह सब इंदिरा गांधी की बदौलत हुआ। पूर्व मंत्री मूलाराम ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर शांति के लिए जो काम किए, सराहनीय था। आज पूरा विश्व उनको इन कार्यो के लिए याद करता है। इंदिरा गांधी की देश के प्रति जो सोच थी, उसकी हर समुदाय व देश-विदेश ने सराहना की है। मौके पर कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की शिक्षाओं को अपनाने व देश विकास के लिए काम करने की शपथ ली। मौके पर धर्मपाल शर्मा, विनोद शर्मा, चूनी लाल, महेश्वर सिंह, इंदू पंवार, एसआर सुधीर, कृष्ण लाल गुप्ता, हरि सिंह चिब आदि उपस्थित थे।