सोनिया, राहुल आज से राज्य के दौरे पर
राज्य ब्यूरो, जम्मू। राज्य के बाढ़ प्रभावितों जिलों के लोगों की सुध लेने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ सोमवार को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचेंगी।
राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते सोनिया एवं राहुल गांधी का राज्य दौरा प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएगा। राज्य में संसदीय चुनाव में कांग्रेस को भाजपा के हाथों करारी शिकस्त मिली थी। लोकसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद कांग्रेस के दोनों दिग्गजों का यह पहला जम्मू कश्मीर दौरा होगा। इस दौरे को लेकर गुलाम नबी आजाद, सैफुद्दीन सोज और अंबिका सोनी पिछले कई दिनों से राज्य में सक्रिय थे।
दिल्ली से सीधे श्रीनगर पहुंच रहे कांग्रेस के ये वरिष्ठ नेता शहर के हालात का जायजा लेने के साथ सोमवार को अनंतनाग व बीरवाह विधानसभा क्षेत्रों का भी दौर करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बैठकों में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ बाढ़ प्रभावितों इलाकों के निवासियों से बातचीत भी करेंगी।
इसी बीच सोमवार रात को श्रीनगर में रूकने के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेता जम्मू संभाग के पुंछ जिले के दौरे पर रवाना हो जाएंगे। वे पुंछ के शेर-ए-कश्मीर पुल को हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ गुज्जर हॉस्टल में शरण ले रहे क्षेत्र के कुछ प्रभावित परिवारों की भी सुध लेंगे। इसके बाद कांग्रेस नेता सूरनकोट का दौरा कर वहां भी प्रभावितों से मिलेंगे।
सोनिया व राहुल गांधी पुंछ जिले का दौरा करने के बाद दोपहर को जम्मू पहुंचेंगे। जम्मू के गेस्ट हाउस में कुछ देर रुकने के बाद कांग्रेस के दोनों दिग्गज दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।