कश्मीर में फंसे लोगों के परिजन परेशान
राज्य ब्यूरो, जम्मू : कश्मीर में बाढ़ में फंसे जम्मू के लोगों के परिवारजन काफी परेशान हैं। कोई संपर्क न होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। सरकार की तरफ से जारी हेल्पलाइन नंबर भी किसी काम नहीं आ रहे हैं।
शहर के चिन्नोर के नजदीक लक्ष्मीरपुरम में रहने वाले अशोक हांडु के परिवार वाले काफी परेशान है। अशोक फोरेस्ट कॉरपोरेशन में काम करता है। उसकी मां ललिता ने बताया कि अशोक का गत दिवस फोन आया था। उसने बताया कि वह श्रीनगर के राजबाग में होटल दारुल इकबाल में है। दो मंजिलें पानी में डूब चुकी है और वह तीसरी मंजिल पर शरण लिए हुए हैं। इतने में फोन कट गया और उसके बाद कोई संपर्क नहीं हो पाया है। अशोक के साथ उनका जीजा सुभाष चंद्र व उनका बेटा रादिम भी गया है। रदिम ने इंजीनियरिंग में दाखिला लेना था और एसपी कॉलेज में काउंसलिंग के लिए गया था। ललिता की बेटी ने बताया कि उनकी मां काफी परेशान है। कई बार हेल्पलाइन व कंट्रोल रूम के नंबरों पर संपर्क किया लेकिन हल नहीं निकला है। इस समय वहां पर क्या स्थिति है, कुछ पता नहीं है। ललिता की बेटी का कहना है कि उनकी मां बेटे की फिक्र में दो बार बेहोश हो चुकी है।