ज्ञान ही सफलता की कुंजी : उमर
राज्य ब्यूरो, जम्मू : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का कहना है कि ज्ञान ही सफलता की कुंजी है। विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान और युवा बुद्धिजीवी चहुंमुखी विकास में बदलाव के प्रतीक हैं।
सोमवार को जम्मू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवीय एजेंसी बेहतर संस्थानों सृजनता उत्पन्न करते हैं । विश्वविद्यालय और विद्यार्थी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की तरह है। दोनों में आपस में गहरे संबंध हैं और एक दूसरे से ऊर्जा प्राप्त करते हैं। कोई भी बदलाव से नहीं बच सकता। जो बदलाव को समझ नहीं पाते या फिर बचने का प्रयास करता है, उसे नुकसान होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में हमें अपने आपको साबित करने की जरूरत है। हमें अपनी क्षमता का उपयोग कर नई ऊंचाइयों को छूने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा में बेहतर योजना पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सीखने और विकास के कई बेहतर शैक्षिक संस्थान हैं और उनकी अपनी परंपराएं हैं। एक बार बुद्धिजीवी वर्ग और अन्य जब हाथ मिला लेंगे तो समाज में बेहतर बदलाव होगा।
मुख्यमंत्री ने नई सोच, नए व्यवहार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसमें युवा पीढ़ी और युवा बुद्धिजीवियों को अहम भूमिका निभानी होगी। युवा स्कॉलरों और बुद्धिजीवियों पर अहम जिम्मेदारी है और उन्हें इसे निभाना होगा। उमर ने कहा कि ज्ञान प्राप्त युवाओं को पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को डिग्री व मेडल मिले हैं, वे भी उनकी मेहनत का परिणाम हैं।