गूंज रहा गणपति का गुणगान
जागरण संवाददाता, जम्मू : महोत्सव के दौरान पूरा शहर भगवान श्री गणेश के भक्ति रस में डूबा दिख रहा है। परेड ग्राउंड में श्री गणेश महोत्सव यज्ञ में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसा लगता है जैसे हर कोई भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करने में जुटा हो। बारिश के दौरान भी श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नजर नहीं आई।
भारतीय वैदिक संस्थान जम्मू की ओर से आयोजित श्री गणेश महोत्सव के चौथे दिन श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। हर दिन होने वाली आरती के बाद यज्ञ शुरू होता है। बारिश के बीच भी यज्ञ में आहुतियां डालने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, पंडाल में विराजमान गणपति की भव्य मूर्ति पर पुष्प चढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
आचार्य संजय शास्त्री ने बताया कि अष्ट भुजाधारी भगवान गणेश की मूर्ति देख श्रद्धालु अपनी प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए भक्ति संगीतों में भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा और आस्था का सैलाब देखने को मिला। घंटों श्रद्धालु संकीर्तन करते रहे। वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रास लीला आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने राधारानी और भगवान कृष्ण के बाल रूप की झलकियों को प्रदर्शित किया। रास लीला के दौरान श्रद्धालु भक्तिके रंग में रंगे दिखे।