शरणार्थियों को नहीं मिल रही पूरी सुविधा
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : पाक गोलीबारी से तंग आकर पलायन कर चुके लोगों को राहत शिविरों में भी सुविधाओं की कमी की मार झेलनी पड़ रही है। लोगों को खाना समय पर नहीं मिल रहा है। पेयजल की भी सुविधा नहीं है। बिजली की तो पहले से ही पूरे क्षेत्र में समस्या चल रही है। ऐसे में इन कैंपों में रह रहे लोगों में प्रशासन और सरकार के खिलाफ रोष है। सीमांत गांव बासपुर बंगला हाईस्कूल में लगे कैंप में रहने वाले गांव विधिपुर गांव वासियों ने रविवार को इसके चलते प्रशासन के खिलाफ रोष भी जताया। कांग्रेस नेता चौ. मोहन सिंह कि अगुआइ में लोगों ने प्रशासन को आडे़ हाथों लिया। कांग्रेस नेता चौ. मोहन सिंह ने कहा कि प्रशासन ने लोगों के रहने का इंतजाम किया है पर सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि इसको सहन नहीं किया जाएगा। कैंप में रहने वाली गांव विद्यिपुर सीता देवी, कृष्ण लाल, सरदार हजूर सिंह ने बताया कि दोपहर के दो बज चुके हैं लेकिन उनको अभी तक खाना मुहिया नहीं करवाए गया है। उनके बच्चे भूख से तड़प रहे हैं। प्रशासन और स्थानीय विधायक तक उनका हाल जानने के लिए नहीं पहुंचा है। इसी तरह क्षेत्र के आइटीआइ कॉलेज, बाना सिंह स्टेडियम में लगे शिविरों में भी लोगों का हाल बुरा है।