आ रहे खेवनहार, लगाएंगे भाजपा की नैया पार
विवेक सिंह, जम्मू
राज्य में तीन संसदीय सीटें जीतकर इतिहास रचने वाली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में भी कामयाबी दिलवाने के लिए पार्टी नेताओं ने जम्मू-कश्मीर का रुख कर लिया है। अब केंद्र में सरकार बनाने वाली पार्टी के दिग्गज राज्य में सरकार बनाने के मिशन 44 की कामयाबी के लिए जोर आजमाइश करेंगे। यह और बात है कि अभी तक पार्टी ने जम्मू-कश्मीर से अपने उम्मीदवारों को लेकर फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, फिलहाल केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी व भाजपा शासित राज्यों के दो मंत्रियों ने जम्मू दौरे पर आने की पुष्टि कर दी है। वीरवार को पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री मदन मोहन मित्तल सांबा, विजयपुर विधानसभा क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। मित्तल वीरवार को सांबा व शुक्रवार को विजयपुर विधानसभा क्षेत्रों में डेरा डाल कार्यकर्ताओं के साथ कामयाबी हासिल करने की रणनीति बनाएंगे। वहीं, दूसरी ओर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सरताज सिंह 2, 3 अगस्त को राजौरी जिले के कालाकोट विधानसभा क्षेत्र में आ रहे हैं।
इस बीच बुधवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रदेश भाजपा को सूचित कर दिया कि वह चुनावी तैयारियों को तेजी देने के लिए 19 अगस्त को जम्मू के दौर पर आ रही हैं। उन्होंने बुधवार को अपने जम्मू अपने के दौरे के बारे में केंद्रीय, राज्यों के मंत्रियों के दौरों के राज्य समन्वयक व महासचिव बाली भगत से टेलीफोन पर बातचीत की।
बाली भगत ने तीन मंत्रियों के जम्मू दौरों की पुष्टि करते हुए बताया कि अन्य मंत्रियों से भी राज्य दौरों को लेकर लगातार बातचीत हो रही है। मिशन 44 की कामयाबी के लिए केंद्र व भाजपा शासित राज्यों के मंत्री पूरी गंभीरता दिखा रहे हैं।
कुल मिलाकर मिशन 44 की कामयाबी के लिए 22 केंद्रीय मंत्री व भाजपा शासित राज्यों के 14 मंत्रियों को राज्य लाने की तैयारी है। वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में दो दो दिन डेरा डालेंगे। प्रमुख भाजपा मंत्रियों में नितिन गडकरी, वैंकेया नायडू, सदानंद गौडा, उमा भारती, नजमा हेपतुल्ला, कलराज मिश्र, मेनका गांधी, अनंत कुमार, रविशंकर, स्मृति ईरानी, हर्षवर्धन, प्रकाश जावडेकर, जनरल वीके सिंह व डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल हैं।