फिर घुसपैठ की कोशिश, जवान शहीद व दो घायल
राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तान ने सीमा पर फिर बड़ी हिमाकत की है। जम्मू की अखनूर तहसील के प्लांवाला सेक्टर में मंगलवार सुबह पाक गोलीबारी के बीच आतंकियों के दल ने घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम बना दिया। इस दौरान सेना का एक जवान शहीद और दो अन्य घायल भी हो गए। इस घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। पाकिस्तान पिछले सात दिनों से लगातार सीमा पर गोलीबारी कर रहा है।
जम्मू जिले में पिछले छह दिनों के दौरान घुसपैठ की यह दूसरी बड़ी कोशिश है। इससे पूर्व 17 जुलाई को जम्मू के अरनिया में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर करीब आधा दर्जन आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी। इस दौरान सीमा पार से ग्रामीण क्षेत्रों में भारी गोलीबारी भी की गई थी।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बारिश के बीच भारत की चकला पोस्ट के पास करीब चार आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। सीमा पर सतर्क जवानों ने आतंकियों को आते देख लिया। इससे पहले कि जवान कोई कार्रवाई करते सीमा पार से पाकिस्तान की बडयाला पोस्ट से पाक सेना ने आतंकियों को कवर फायर देते हुए भारी गोलीबारी शुरू कर दी। सेना की 3 नागा रेजीमेंट ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी साजिश को नाकाम कर दिया और आतंकी वापस भाग गए।
जम्मू के पीआरओ डिफेंस कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाक गोलीबारी में हमारा एक नायक मोंगचन बी निवासी नागालैंड शहीद हो गया और दो अन्य जवान घायल हुए हैं। उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी करीब एक घंटे तक जारी रही। गोलीबारी रुकने के बाद सेना ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। सेना की क्रासड स्वार्डस डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
सीमा पर कब-कब हुई गोलीबारी
16 जुलाई, 2014 : जम्मू के अरनिया सेक्टर में गोलीबारी। जवान शहीद, तीन सुरक्षाकर्मियों सहित सात लोग घायल।
17 जुलाई : पाकिस्तान ने पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में गोलीबारी की।
17 जुलाई : जम्मू के अरनिया सेक्टर से घुसपैठ नाकाम। सीमा पार से भारी गोलीबारी।
18 जुलाई : उत्तारी कश्मीर के गुरेज सेक्टर में पाक ने की गोलीबारी।
19 से 20 जुलाई : जम्मू के आरएसपुरा में पाकिस्तान ने भारी गोलीबारी की।
21 जुलाई : कठुआ के बबिया क्षेत्र से सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश नाकाम। मारा गया घुसपैठिया।