केरोसिन डिपो खोलने की मांग
संवाद सूत्र, मीरां साहिब : कस्बे में केरोसिन का कोई डिपो न होने के चलते लोगों को तेल नहीं मिल रहा है। लोगों ने सरकार से केरोसिन का डिपो खोलने की मांग की।
इस बारे में केवल कृष्ण, वीरा राम, गुरदेव सिंह व पिंटू शर्मा का कहना है कि कस्बे में सालों से कोई डिपो नहीं है। लोगों को केरोसिन के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ता है। उनका कहना है कि गरीब लोग महंगे दामों पर गैस सिलेंडर नहीं ले सकते। इसलिए खाना बनाने के उनके पास एकमात्र सस्ता साधन केरोसिन ही है, लेकिन वह भी नसीब नहीं होता। खाद्य व आपूर्ति विभाग या तो उन्हें हर माह राशन कार्ड पर केरोसिन वितरित करे या फिर कस्बे में डिपो खोला जाए।
इसी तरह अनिल कुमार, सुरजीत कुमार व रमेश लाल का कहना है कि आज से दस साल पहले उन्हें कस्बे में ही खुले एक डिपो से केरोसिन मिलता था, मगर वह डिपो भी बंद हो गया। सरकार उनकी समस्या का जल्द हल करे ताकि उन्हें केरोसिन के लिए परेशान न होना पड़े।
इस बारे में खाद्य व आपूर्ति विभाग के टीएसओ रशपाल का कहना है कि लोग उनके पास इसके लिए प्रार्थना पत्र दें तो विभाग डिपो खोल देगा।