वो बॉलीवुड पत्नियां, जो हैं अपने पतियों की पहचान
मौजूदा समय में महिलाएं इतनी सशक्त हो गई हैं कि अब वो अपने पतियों की पहचान बनने लगी हैं, ऐसी ही बॉलीवुड हस्तियों पर एक नजर डालते हैं-
एक समय था, जब औरतों की पहचान सिर्फ किसी की बेटी, किसी की पत्नी और किसी की मां के रूप में हुआ करती थी। मगर बदलते वक्त के साथ महिलाएं इन सभी रिश्तों को बखूबी निभाते हुए अपनी खुद की पहचान बनाने में कामयाब रही हैं। वहीं कई महिलाएं तो पुरुषों के बराबर हक व सम्मान की लड़ाई में आगे बढ़ते हुए उनसे भी कहीं आगे निकल चुकी हैं। बॉलीवुड में ऐसी कई महिलाएं हैं जिनके पति बेहद कामयाब हैं, मगर वो उनसे भी दो कदम आगे हैं। तो आइए विश्व महिला दिवस पर बॉलीवुड की ऐसी पत्नियों से मिलवाते हैं जो अपने पति की पहचान हैं, लोग उन्हें उनके पति के तौर पर पहचानते हैं-
शुरुआत बॉलीवुड की खूबसूरत जोड़ी ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन से करते हैं। दोनों एक ही इंडस्ट्री में हैं और अपने करियर में अच्छा कर रहे हैं। मगर पॉपुलैरिटी के मामले में इसमें कोई शक नहीं कि ऐश्वर्या काफी आगे हैं। वहीं एक्टिंग की भी बात करें तो आप भी ऐश्वर्या को ही ज्यादा नंबर देंगे। उन्होंने जब शादी का फैसला किया था तो वो अपने करियर में पीक पर थीं, वो ग्लोबल फेस बन चुकी थीं। जबकि अभिषेक ने एक तरह से शुरुआत ही की थी और बमुश्किल ही उनकी झोली में कोई हिट फिल्म गिरी थी। मगर दोनों ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव को अपने रिश्ते से दूर रखा और आज दोनों की एक बहुत ही प्यारी बेटी आराध्या है। वहीं समय के साथ अभिषेक ने भी यह दिखाया कि हर पुरुष इगोइस्ट नहीं होते, अपनी पत्नी की कामयाबी से नहीं जलते।
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के लिए लाखों दिल धड़कते थे, मगर उन्होंने अपने हमसफर के रूप में इंडस्ट्री से बाहर एक डॉक्टर को चुना, वो मिसेज श्रीराम नैने बन गईं। मगर श्रीराम नैने को पहले कोई नहीं जानता था, वो दिल के डॉक्टर हैं इससे हर कोई अनजान था। मगर माधुरी से शादी के बाद वो दुनिया भर में डॉ. नैने के तौर पर जाने जाने लगें। वैसे ज्यादातर लोग माधुरी के पति के तौर पर ही उन्हें पहचानते हैं और इससे उन्हें भी कोई समस्या नहीं है। दोनों के दो प्यारे-प्यारे बेटे हैं और दोनों अपने-अपने करियर में आगे बढ़ रहे हैं।
शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की जोड़ी भी इसकी एक मिसाल है। राज कुंद्रा एक बडे बिजनेसमैन हैं, मगर कई मुश्किलों को पार करते हुए कामयाबी की सीढि़यां चढ़ पाए। फिर भी दुनिया भर उनकी पहचान शिल्पा से शादी के बाद ही हुई, लोग उन्हें शिल्पा के पति के तौर पर जानते हैं और अब वो एक बिजनेसमैन के साथ एक सेलिब्रेटी भी बन चुके हैं। दोनों का एक बेटा है और वो एक दूसरे के सबसे बडे सपोर्टर हैं।
उम्र के इस पड़ाव पर भी फैशन आइकन कहलाती हैं ये महिलाएं
रवीना टंडन अपने करियर में सफलता के शिखर पर थीं और फिर उन्होंने डायरेक्टर अनिल थंडानी से शादी करने का फैसला किया। दोनों एक ही इंडस्ट्री से हैं, मगर अब भी ज्यादातर लोग अनिल थंडानी को नहीं जानते होंगे। हां, ये जरूर है कि रवीना के पति के तौर पर लोग उन्हें पहचानते हैं।
फराह खान को कैसे भुलाया जा सकता है, जितनी अच्छी कोरियोग्राफर, उतनी अच्छी डायरेक्टर। वहीं पॉपुलैरिटी के मामले में वो बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियों को भी पीछे छोड़ चुकी हैं। मगर उन्होंने हमसफर के तौर पर शिरीष कुंदर का हाथ थामा, जो उनके आगे किसी मामले में टिकते नहीं। वैसे तो वो प्रोड्यूसर हैं, मगर फराह के पति के तौर पर ज्यादा जाने जाते हैं। मगर वो कहते हैं ना, प्यार तो प्यार होता है। दोनों तीन बच्चों के मम्मी-पापा हैं और अपनी व्यक्तिगत जिंदगी में काफी खुश हैं।