विश्व लीग सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम अमेरिका से 1-4 से हारी
अमेरिका टीम का खाता 24वें मिनट में खुला।
जोहानिसबर्ग, पीटीआइ। आत्मविश्वास से ओतप्रोत अमेरिका ने महिला हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल के पूल 'बी' मैच में भारत को 4-1 से हरा दिया।
पहले क्वार्टर में अमेरिकी स्ट्राइकर्स ने भारतीय गोलकीपर सविता को व्यस्त रखा। उन्हें दूसरे ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने इस पर गोल बचा लिया। भारत को जवाबी हमले में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन दीप ग्रेस इक्का वैरिएशन पर भी गोल नहीं कर सकीं।
इसके तुरंत बाद रानी और वंदना कटारिया ने मिलकर बेहतरीन मूव बनाया, लेकिन गोल नहीं हो सका। पहले क्वार्टर में दो मिनट बाकी रहते अमेरिका को दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने फिर गोल बचाया।
दूसरे क्वार्टर में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस क्वार्टर में टीम इंडिया को गोल करने के मौके भी मिले लेकिन भारत इनका फायदा नहीं उठा सका। हालांकि भारत को 22वें मिनट में दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुआ, लेकिन स्टार खिलाड़ी रानी के बेहतरीन प्रयास के बावजूद मोनिका गेंद को ट्रैप नहीं कर सकीं। इसके बाद अमेरिका टीम का खाता 24वें मिनट में खुला।
जिल विटमेर ने शानदार तरीके से गेंद को जाल में डालकर अपनी टीम अमेरिका के लिए पहला गोल किया। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कामयाबी भारत को मिली, जब 38वें मिनट में मोनिका के पास पर लिलिमा मिंज ने गोल दागा।
अमेरिका के लिए दूसरा गोल 40वें मिनट में टेलर वेस्ट ने किया। विटमेर ने 43वें मिनट में अमेरिका के लिए तीसरा गोल दागा। इसके छह मिनट बाद मिशेल विटेसे ने गोल करके अमेरिका को 4-1 से जीत दिला दी।