मुश्किल में चक दे इंडिया वाले हॉकी खिलाड़ी मीर रंजन नेगी, नौकरी जाने का खतरा
'चक दे इंडिया' फिल्म में नेगी के जीवन से प्रभावित किरदार शाहरुख खान ने निभाया था।
मुंबई, जेएनएन। देश पूर्व हॉकी खिलाड़ी और महिला हॉकी टीम के कोच रहे मीर रंजन नेगी मुश्किल में घिर सकते हैं। शाहरुख खान अभिनीत मशहूर हिंदी फिल्म 'चक दे इंडिया' नेगी के जीवन पर आधारित फिल्म थी, जिसकी वजह से वह काफी चर्चा में थे।
फिलहाल नेगी और उनके एक साथी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और वह इस वजह से नौकरी से सस्पेंड भी हो सकते हैं। फिलहाल वह कस्टम विभाग में बतौर असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। सहर स्थित एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में भ्रष्टाचार मामले में उन पर भी आरोप लग रहे हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चीफ कमिश्नर ऑफ कस्टम देवेंद्र सिंह ने CBEC को नेगी और असिस्टेंट कमिश्नर वी एम गानू को निलंबित करने के लिए पत्र लिखा है। दोनों अधिकारियों का कुछ दिन पहले ही तबादला किया गया था। पिछले सप्ताह ही देवेंद्र सिंह ने 17 अन्य अधिकारियों को निलंबित किया था। सभी अधिकारियों पर कार्गो कॉम्प्लेक्स में भ्रष्टाचार का दोषी मानते हुए सिंह ने यह कार्रवाई की थी।
मीर रंजन नेगी की गिनती दुनिया के बेहतरीन गोलकीपरों में से होती थी। 1982 में पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स फाइनल में 7 गोल खाने के कारण उनकी काफी आलोचना हुई थी। 16 साल बाद उन्होंने बतौर कोच वापसी की और महिला हॉकी टीम के कोच बने। टीम ने 1998 के एशियवन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। 'चक दे इंडिया' फिल्म में नेगी के जीवन से प्रभावित किरदार शाहरुख खान ने निभाया था।