अजलान शाह: रुपिंदर के दम पर भारत ने न्यूज़ीलैंड को हराकर जीता कांसा
भारतीय हॉकी टीम ने 26वें कप में शनिवार को न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
इपोह, प्रेट्र। रुपिंदरपाल सिंह दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में सफल रहे, जिसके चलते भारतीय हॉकी टीम ने 26वें कप में शनिवार को न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले पांचवें स्थान के मैच में मलेशिया ने जापान को 3-1 से शिकस्त दी।
पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के हाथों खिताबी मुकाबले में हारकर रजत पदक हासिल करने वाली भारतीय टीम को मलेशिया ने शुक्रवार को अहम मुकाबले में 1-0 से हराया था। इसके चलते भारतीय टीम इस बार फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
रुपिंदर ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये दोनों ही गोल एक ही तरह से किए। उन्होंने 17वें और 27वें मिनट में दोनों बार न्यूजीलैंड के गोलकीपर रिचर्ड जोएस को छकाते हुए उनके दायीं से गोल दागे। इसके बाद एसवी सुनील ने 48वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दागा। उन्होंने गोल के मुहाने से मिले मंदीप सिंह के पास को भुनाते हुए गोल किया। अंतिम गोल तलविंदर सिंह ने दागा। उन्होंने अंतिम मिनट में गोल कर टीम को 4-0 से जीत दिलाई।
भारत ने गंवाए कई मौके : कुल मिलाकर कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय स्ट्राइकरों ने शानदार खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में वह प्रतिद्वंद्वी टीम के क्षेत्र में पहुंचने में सफल रहे, लेकिन उन्होंने भारत के लिए गोल करने के तीन मौके गंवा दिया। जिसके चलते पहला हाफ गोलरहित रहा। मैच के दूसरे मिनट में ही भारत को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, पर हरमनप्रीत उन्हें गोल में नहीं बदल सके। अगले ही मिनट में मंदीप ने गेंद को अपने कब्जे में लिया और वह गोल क्षेत्र के काफी करीब तक पहुंच गए, लेकिन न्यूजीलैंड के गोलकीपर ने उनके प्रयास को नाकाम कर दिया।