गोली चलने से व्यक्ति की मौत
संवाद सहयोगी, ऊना : जिले के धमांदरी के तहत पड़ते गांव बरेड़ा में संदिग्ध हालात में बंदूक से निकली गोली
संवाद सहयोगी, ऊना : जिले के धमांदरी के तहत पड़ते गांव बरेड़ा में संदिग्ध हालात में बंदूक से निकली गोली से व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति ने खुद ही अपने आप को गोली मार ली या फिर पांव फिसलने के कारण गोली चली, अब तक यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सुभाष चंद (40) पुत्र योगराज निवासी बरेड़ा धमांदरी जिला ऊना के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को धमांदरी के अधीन पड़ते बरेड़ा गांव का रहने वाला सुभाष चंद जंगल की ओर गया था। उसके पास अपनी लाइसेंसशुदा बंदूक थी। सुभाष किसान था। खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार देर शाम वह जंगल की ओर गया था। इस दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई थी। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो गोली लगने से सुभाष की मौत हो गई थी। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद परिजनों को सूचित किया। इसके बाद आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गोली चलते नहीं देखी है, बस गोली चलने की आवाज आने पर वे मौके की ओर दौड़े तो सुभाष चंद मृत पड़ा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं इस मामले में एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि प्रारंभिक जांच की जांच में सामने आया है कि या तो पांव फिसले के कारण यह हादसा हुआ है या फिर सुभाष ने आत्महत्या की। बहरहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बंदूक को कब्जे में ले लिया है। परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।