किसानों के साथ अन्य कर रही सरकार : कुलदीप धीमान
संवाद सहयोगी, अम्ब : राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुलदीप धीमान ने प्रदेश
संवाद सहयोगी, अम्ब : राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुलदीप धीमान ने प्रदेश के कृषि मंत्री द्वारा पांच साल में किसानों की आय को दोगुना किए जाने के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की जिस समस्या को प्राथमिकता देकर कांग्रेस ने पिछले चुनाव में वोट हथिया कर सत्ता हासिल की थी, उसे आज तक पूरा नहीं किया गया है। कुलदीप ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को ट्रैक्टर्स पर लगे टैक्स को माफ करने का वादा किया था लेकिन आज साढ़े चार साल का समय बीत जाने के बाद भी इस घोषणा को पूरा नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजावर में हुई जनसभा में कहा था कि प्रदेश सरकार ने ट्रैक्टर्स पर से टेक्स माफ कर दिया है लेकिन सच्चाई यह है कि यह घोषणा सिर्फ किसानों को लुभाने के लिए की गई है। सरकार ने इस संबंध नोटिफिकेशन ही जारी नहीं की। प्रदेश कांग्रेस सरकार की अधिकांश घोषणाएं हवाई फायर साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ होते हैं, जो जनता के लिए अन्न की पैदावार करते हैं। जब देश में कहीं भी ट्रैक्टर्स पर टैक्स नहीं है तो सिर्फ हिमाचल में किसानों को प्रताड़ित क्यों किया जा रहा है।