29 को पिलाई जाएंगी दो बूंद जिंदगी की
संवाद सहयोगी, ऊना : जिला में इस वर्ष पल्स पोलियो अभियान का पहला चरण 29 जनवरी व दूसरा चरण दो अप्रैल क
संवाद सहयोगी, ऊना : जिला में इस वर्ष पल्स पोलियो अभियान का पहला चरण 29 जनवरी व दूसरा चरण दो अप्रैल को होगा। इसमें पांच वर्ष तक के 65 हजार 51 बच्चों को पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दवा की दो बूंदे पिलाई जाएंगी।
कार्यकारी उपायुक्त एवं एडीएम राजेश कुमार मारिया ने बताया कि इस अभियान के तहत जिला में 365 बूथ लगाए जाएंगे। इनमें 357 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में और आठ बूथ शहरी क्षेत्रों में होंगे, वहीं 12 मोबाइल बूथ भी अपनी सेवाएं देंगे। जिला के तमाम बैरियरों पर भी विशेष बूथ लगाकर वाहनों में यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दवा की दो बूंदे पिलाई जाएंगी। अंब ब्लॉक में 98 बूथ, बंगाणा ब्लॉक में 57 बूथ, गगरेट व हरोली ब्लॉक 101-101 बूथ और ऊना शहर में आठ बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के बच्चों को भी पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दवा की खुराक पिलाने के विशेष इंतजाम किए जाएंगे और इस बारे विभिन्न औद्योगिक संगठनों से जिला प्रशासन द्वारा बैठक की जाएगी। अभियान को अंजाम देने के लिए 1458 कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। विशेष रूप से अन्य राज्यों के श्रमिकों के बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और मोबाइल टीमें झुग्गी-झोपडि़यों में रहने वाले मजदूरों के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। पिछले साल पल्स पोलियो अभियान के तहत 55894 बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण दवा पिलाई गई थी। पोलियो मुक्त समाज की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है जब सभी मिल जुल कर इसमें सहयोग करें
उन्होंने कहा कि पूरे समाज का दायित्व बनता है कि कोई भी बच्चा इस अभियान के लाभ से वंचित न रहे। हिमाचल प्रदेश में इस समय पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है और इस अभियान को जन भागीदारी और जन चेतना से ही सफल बनाया जा सकता है। विशेषकर चिह्नित आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लें तथा अन्य लोगों को भी इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। मुहिम में स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ पंचायती राज संस्थाओं और विभिन्न विभागों का पूरा सहयोग लिया जाएगा।