अम्ब में लोहे की रॉड से बहन की हत्या
संवाद सहयोगी, अम्ब : उपमंडल अम्ब के लंबा सैल गांव में एक भाई ने सगी बहन के सिर पर लोहे की रॉड से हमल
संवाद सहयोगी, अम्ब : उपमंडल अम्ब के लंबा सैल गांव में एक भाई ने सगी बहन के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार होकर अपने घर पहुंच गया। जहां से अम्ब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जिला हमीरपुर के उपमंडल नादौन के बल सुथरयाल गांव के लखविंदर सिंह का दांपत्य जीवन खटास भरा था। उसकी पत्नी मधु के साथ नहीं बनती थी। इस कारण वह उसके साथ नहीं रहती थी। कुछ माह पहले पत्नी ननद वीना देवी (55) निवासी लंबा सैल के घर पर भी रही, लेकिन बाद में वह वहां से चली गई। मंगलवार देर सायं लखविंदर सिंह पत्नी की तलाश में बहन के घर पहुंचा और पत्नी के बारे में पूछने लगा। बहन द्वारा मधु का पता न होने की बात कहने पर वह आवेश में आ गया और उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करने लगा। उसने गुस्से में आकर वहन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए। जब तक घर के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे तो वीना देवी खून से लथपथ होकर फर्श पर गिरी पड़ी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया और अपने घर बल सुथरयाल पहुंच गया। खून से लथपथ वीना देवी को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब ले गए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी जितेंद्र चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए बल सुथरयाल गांव रवाना कर दी। वहां से पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले आई है। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि लखविंदर सिंह को शक था कि उसके दांपत्य जीवन में आई खटास की वजह उसकी बहन है। इसी कारण उसने बहन की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।