सोने के नाम पर ठगी का आरोपी जम्मू में गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, ऊना : नकली सोना देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को ऊना पुलिस ने जम्मू
जागरण संवाददाता, ऊना : नकली सोना देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को ऊना पुलिस ने जम्मू में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया। वहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जम्मू के एक गिरोह ने दीपक शर्मा पुत्र सतीश शर्मा निवासी कोटला कला को ठगी करके आठ लाख रुपये का नकली सोना बेच दिया था। पुलिस ने जम्मू से आरोपी सन्नी भगत निवासी रणजीत सिंह पुरा जम्मू को गिरफ्तार किया है। कोटलाकलां निवासी दीपक ने 10 जुलाई को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके साथ अमरनाथ निवासी मेहलोवाल, रणजीत सिंह पुरा ने सोने की खरीदारी के नाम पर ठगी की थी। दीपक ने सोना खरीदने के लिए आरोपी को 20 हजार रुपये दिए थे। इस पर अमरनाथ ने कहा था कि ऊना में ही उसे सोना दिया जाएगा। 10 जुलाई को उसे व एक अन्य व्यक्ति विनय कुमार जो सोने के खरीदार थे, उन्हें अमरनाथ ने सोना देने के लिए बुलाया। अमरनाथ व उसका लड़का सन्नी भगत दोनों गाड़ी में ऊना पहुंचे थे तथा उसे विनय के सामने 487 ग्राम सोना आठ लाख रुपये में दिया। जब उसने सुनार से सोना चेक करवाया तो वह नकली निकला। इस पर थाना सदर ऊना में शिकायत की गई थी। पुलिस ने रविवार को जम्मू में दबिश देकर सन्नी भगत को गिरफ्तार कर लिया।