नैहरियां में मायके आई नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगला
अम्ब : उपमंडल अम्ब के नैहरियां गांव में सोमवार को मायके आई एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में जहरीला पदार्थ निगल लिया। विवाहिता को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब लाया गया। वहां उसकी अति नाजुक हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया।
विवाहिता के बयान देने की स्थिति में न होने के कारण जहर निगलने के पुख्ता कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जहर निगलने के कारणों की जांच करने में जुट गई है। अम्ब पुलिस के अनुसार नैहरियां गांव की रजनी देवी (26) की शादी कांगड़ा जिला की देहरा तहसील के बह ढोंटा गांव के राजू से हुई है। वह इन दिनों मायके आई हुई है। सोमवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसके परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब ले आए। वहां डॉक्टरों ने रजनी द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की पुष्टि की है। रजनी की अति नाजुक हालत के कारण डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि रजनी बयान देने की स्थिति में नहीं थी। इसलिए जहर निगलने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।