भाजपा नहीं निभा पा रही विपक्ष की भूमिका : कुलदीप
संवाद सहयोगी, अम्ब : हिमाचल प्रदेश चतुर्थ वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार ने भाजपा पर विपक्ष की भूमिका न निभा पाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर सारी ताकत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर कीचड़ उछालने के लिए लगा डालने का आरोप लगाया है। शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता में कुलदीप कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जितना महत्वपूर्ण सत्तापक्ष का जनता के प्रति संवेदनशील होना होता है, उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका विपक्ष की होती है। अगर सरकार कहीं जनहित के मुद्दों से विमुख हो रही है, तो विपक्ष की यह भूमिका है कि स्वस्थ परंपरा का निर्वहन करते हुए विपक्ष सरकार को उसके कर्तव्य का बोध करवाए, लेकिन इसके विपरीत प्रदेश में विपक्ष में बैठी भाजपा इस परंपरा का निर्वहन करने में पूर्णतया असफल सिद्ध हो रही है। अब जब भाजपा नेताओं का कोई बस नहीं चल रहा है कि केंद्र की एनडीए नीत भाजपा सरकार के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर प्रहार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसे हथकंडे अपना कर जनता का ध्यान तो बांट सकती है, लेकिन ऐसे हथकंडों से भाजपा को कुछ भी हासिल नहीं होगा। कांग्रेस पार्टी व प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री के साथ चंट्टान की तरह खड़ी है और समय आने पर भाजपा को इसका माकूल जवाब देगी।