मोदी का हिमाचल प्रेम छलावा साबित हुआ : अग्निहोत्री
संवाद सहयोगी, ऊना : उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्र हरोली की जनता ने जिस प्रकार कांग्रेस का साथ दिया उसके लिए यहां की जनता को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिखाया गया हिमाचल प्रेम भी छलावा ही साबित हुआ है। वह रविवार को क्षेत्र के कांगड़ गांव में पर्यटन सूचना एवं सुविधा केंद्र की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने इस कार्यकाल में भी अपनी पुरानी शैली के तहत काम करते हुए समूचे प्रदेश में विकास को गति दी लेकिन शायद अब सरकार के काम को विकास के नजरिए से जनता नहीं देखती और जो भ्रमजाल फैलाते हैं, वो आसानी से जनता को गुमराह करने में सफल हो जाते हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने इस कार्यकाल में जिले को ट्रिप्पल आइटी का तोहफा देने के साथ देश की सबसे बड़ी 922 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी तटीकरण परियोजना दी तो प्रदेश का ऐसा कोई जिला नहीं है, जो विकास से अछूता रहा। अच्छे दिन लाने के सब्जबाग दिखाने वाली भाजपा अब केंद्र की सत्ता पर काबिज होने के बाद अपने वादे भूल गई है। रेल बजट व आम बजट में प्रदेश की जो अनदेखी हुई, उससे साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रेम भी महज छलावा था। विधानसभा चुनावों में जितने मतों से उन्होंने जीत दर्ज की थी, लोकसभा चुनावों में हरोली क्षेत्र की जनता ने उससे भी ज्यादा लीड दी हैद्ध इसलिए यहां के लोगों का मान सम्मान करना वह इस क्षेत्र को विकास की दृष्टि से शिखर पर पहुंचाना उनका दायित्व है।