मुख्यमंत्री बताएं, क्यों नहीं बना विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान : अनुराग
जागरण संवाददाता, ऊना : हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने संसद में श्रेष्ठता साबित की है। अनुराग ठाकुर चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के त्यार, अंबेहड़ा धीरज, बैरिया, चौली, भिंडला, जबेहड़, रिपोह मिसरा, सपौरी, मैड़ी, गवेट व कुठेहड़ा खैरलां में चुनावी नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सोहारी में रोड़ शो भी किया।
अनुराग ने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली काग्रेस सरकार युवाओं को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं देने में विफल रही है। मुख्यमंत्री बताएं कि सरकार हिमाचल में विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान का निर्माण करवाने में क्यों विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद हिमाचल में हिमालयन टेक्नोलॉजी के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण करवाया जाएगा। प्रदेश में कम से कम चार रक्षा विश्वविद्यालयों का भी निर्माण किया जाएगा। राष्ट्रीय युवा सलाहकार आयोग का भी गठन किया जाएगा व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग का पुनर्गठन कर उसे उच्च शिक्षा आयोग बनाया जाएगा। प्रशिक्षु अधिनियम में भी संशोधन होगा। वहीं, अनुराग ने सोहारी में रोड शो के बाद कहा कि वीरभद्र सिंह सुबूत दें कि वह अपने किसी आधिकारिक कार्य के अलावा कभी दुबई गए हैं। उन पर झूठे आरोप लगा कर काग्रेस जनता को भ्रमित करने में जुटी है। इस दौरान पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, शाम सिंह, पवन ठाकुर, दिनेश लट्ठ, शादी लाल गोस्वामी आदि उपस्थित थे।