नहीं रहे पूर्व सांसद मेजर जनरल विक्रम सिंह
पूर्व सांसद एवं पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष मेजर जनरल विक्रम सिंह का आज सोलन में देहांत हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे, उन्हें फोर्थ स्टेज का पेट का कैंसर था।
सोलन : पूर्व सांसद एवं पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष मेजर जनरल विक्रम सिंह का आज सोलन में देहांत हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे, उन्हें फोर्थ स्टेज का पेट का कैंसर था। उनका चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्तपाल में इलाज चल रहा था। फोर्टिस में चेकअप के लिए ही वह कुछ दिन से सोलन के एक अपार्टमेंट में रह रही अपनी बहू गायत्री कंवर के यहां ठहरे थे। बताया जाता है कि उन्हें मंगलवार सुबह यहां से चंडीगढ़ अस्पताल जाना था, जिसके लिए वह तैयार तो हुए, लेकिन अचानक गश खाकर गिर पड़े। उनके बेटे-बहू ने तुरंत पड़ोस में रहने वाले एक चिकित्सक को बुलाया, लेकिन बचाया न जा सका। पूर्व सैनिक अधिकारी को दो बार पहले भी हृदयघात हो चुका था और यह थर्ड अटैक था।
विक्रम सिंह कांग्रेस के टिकट पर दो बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़े थे और मौजूदा सरकार ने उन्हें वर्ष 2013 में पूर्व सैनिक निगम का अध्यक्ष बनाया था। उन्होंने वर्ष 1996 में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता प्रेम कुमार धूमल को हमीरपुर लोकसभा सीट से हराया था, जबकि अगले चुनाव में वह हार गए। सिंह को भारतीय सेना में रहते हुए भी विशिष्ट सेवा एवं वार मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है और राजनीति में आकर भी उन्होंने कई अहम पदों पर कार्य किया। सोलन में उनका देहांत होते ही परिजनों द्वारा फौरन उन्हें ऊना जिला स्थित दौलतपुर ले जाया गया, जहां उनका पैतृक स्थान पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।