पर्यटनस्थलों पर सजने लगे होटल-रेस्तरां
जागरण टीम, सोलन : जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर सीजन के चलते होटल व रेस्तरां सजने लगे हैं, इस बा
जागरण टीम, सोलन : जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर सीजन के चलते होटल व रेस्तरां सजने लगे हैं, इस बार प्रदेश में क्रिसमस से पूर्व ही बर्फबारी होने से यहां पर्यटन कारोबारियों में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जगी है। यही नहीं पर्यटकों में भी हर बार प्रदेश में व्हाइट क्रिसमस मनाने की आस लेकर आते हैं। इस बार भी जहां मौसम अनुकूल है तो पर्यटक उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें बर्फबारी देखने को मिलेगी। इसी के चलते जिला सोलन के पर्यटन स्थलों चायल, कसौली व बड़ोग में होटलों में अग्रिम बुकिंग हो रही है। अब तक यहां के बड़े होटलों में क्रिसमस दिवस के लिए 40 से 80 फीसद बुकिंग हो चुकी है।
जिला के सभी पर्यटन स्थलों के होटलों में क्रिसमस पर सांता क्लाज व क्रिसमस ट्री बनाए जाएंगे। विशेष कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके बाद नववर्ष पर सभी जगह विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए तैयारियों चल रही हैं। स्टार कलाकारों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां पर्यटकों का मनोरंजन करने के लिए विशेष बैंड पार्टियां भी बुलाई जाएंगी। लेमन डांस, बेलून डांस, कैंडल डांस, बेबी डांस, बेस्ट कपल, प्रिंस व प्रिंसेज भी चुने जाएंगे।
चायल के पैलेस होटल की सहायक महाप्रबंधक सरला चोपड़ा ने बताया कि यहां क्रिसमस के लिए करीब 40 फीसद कमरों की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है और यह क्रम जारी है। क्रिसमस व नववर्ष पर यहां विशेष म्यूजिक पार्टियां बुलाई गई हैं, जो पर्यटकों का मनोरंजन करेंगी। कसौली रिसॉर्ट के फ्रंट ऑफिस मैनेजर राजेश ठाकुर के अनुसार उनके यहां क्रिसमस के लिए 80 फीसद तक बुकिंग हो चुकी है। नववर्ष के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है। उनके यहां क्रिसमस के उपलक्ष्य पर सांता क्लाज पर्यटकों को लुभाएगा व नववर्ष पर विभिन्न डांस कार्यक्रम के साथ विशेष व्यंजन परोसने की भी तैयारी है। इस बार उन्हें प्रदेश में बर्फबारी होने से व्यवसाय अच्छा होने की भी उम्मीद है।