कंपनी के सुरक्षा कर्मी सहित तीन पर हमला
संवाद सहयोगी, बद्दी : नालागढ़-भरतगढ़ रोड पर चॉकलेट बनाने वाली बिक फील्ड कंपनी में शनिवार देर रात 15 से ज्यादा अज्ञात लोगों ने सुरक्षा कर्मी के अलावा दो अन्य लोगों पर हमला बोल दिया। इस घटना में कंपनी के तीनों कर्मियों को गहरी चोटें आई हैं। उन्हें नालागढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया है। हमले के आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत में कंपनी के सुरक्षा कर्मचारी बलदेव राज ने बताया कि शनिवार रात्रि कंपनी की केंटीन में सुपरवाइजर विनोद कुमार ने पार्टी रखी थी। उसमें कंपनी के छह लोग खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद रात्रि करीब नौ बजे विनोद कुमार तथा लिंगरो गेट से बाहर निकले। इस बीच गेट के बाहर उनके साथ कुछ लोगों की कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद करीब 15 लोग फैक्टरी के बाहर खड़े हो गए। पहले इन अज्ञात लोगों ने ईटों व बीयर की बोतलों से सिक्योरिटी रूम के शीशे तोड़ दिए और गेट के बाहर से कंपनी के भवन पर ईट व पत्थर मारे। इस घटना में कंपनी के मुख्य गेट तथा सिक्योरिटी रूम के शीशे टूट गए। सुरक्षा कर्मी रूम व बिल्डिंग के मुख्य द्वार के शीशे तोड़ने के बाद 12 से ज्यादा युवा अंदर घुस आए। अंदर आकर उन्होंने तीनों की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हमलावरों ने पत्थरों व ईटों के अलावा हाथों से बलदेव राज, विनोद कुमार व लिंगरो की बेरहमी से पिटाई कर दी। कंपनी कर्मचारियों के जख्मी होने पर यहा कार्यरत लोगों ने नालागढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नालागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात लोगों द्वारा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने व कंपनी बिल्डिंग को नुकसान पहुंचाने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, डीएसपी खजाना राम ने कहा कि मारपीट करने वालों में कुछ लोग इसी कंपनी में कार्यरत थे। किसी व्यक्तिगत रंजिश को लेकर यह घटना हुई। फिलहाल दोनों पक्षों में समझौते की बातचीत चल रही है।