अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेला शुरू, सीएम ने किया शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का धूमधाम से शुभारंभ हो गया। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया।
नाहन [जेएनएन] : अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का धूमधाम से शुभारंभ हो गया। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया। मुख्यमंत्री ने परिवार सहित श्री रेणुका जी मेले का इष्टदेव भगवान परशुराम की पालकी के समक्ष पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने इष्टदेव की पालकी को कंधा देकर शोभा यात्रा की अगुवाई की।
पढ़ें : हिमाचल में बैंकों व डाकघरों में उमड़ी भीड़
यह मेला भगवान परशुराम का उनकी माता श्री रेणुका जी के साथ ‘दशमी’ की पूर्व संध्या पर सालाना भेंट का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष ‘देवप्रोबोधिनी एकादशी’ के अवसर पर, रेणुका झील जहां देश भर से लाखों श्रद्धालु आते हैं, के किनारे पर पारंपरिक श्री रेणुका जी मेले का आयोजन किया जाता है। परंपरा के अनुसार भगवान परशुराम की पालकी को जामू कोटी गांव के प्राचीन मंदिर से रेणुका लाया जाता है तथा विधिवत धार्मिक रस्मों सहित झील में पवित्र स्नान के उपरांत इसे वापिस ले जाया जाता है।
पढ़ें: मंत्रिमंडल की बैठक आज, खुल सकता है नौकरियों का पिटारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग अपनी समृद्ध परम्पराओं, रीति-रिवाजों तथा संस्कृति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले एवं त्यौहार राज्य के लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। सदियों पुराने मंदिरों का संरक्षण एवं रखरखाव करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पारंपारिक रंग-बिरंगें परिधानों में सुसज्जित श्रद्धालुओं ने नृत्य की प्रस्तुति की और दैवीय गीतों का उच्चारण करते हुए अपने इष्टदेव का उत्सव मनाया, जिससे वातावरण खुशनुमा हो गया।
पढ़ें: अंबिका सोनी ने सराही वीरभद्र व सुक्खू की कार्यप्रणाली
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों तथा गैर सरकारी संस्थानों द्वारा स्थापित राज्य तथा जिला के विकास को दर्शाती प्रदर्शनियों का भी उद्घाटन किया। रेणुका से लगभग 14 किलोमीटर दूर मैना बाग हेलिपैड पर पर उतरने पर मुख्य संसदीय सचिव एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और बेटा विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद थे। इसके अलावा राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, रोजगार सृजन और संसाधन मोबेलाईजेशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। मेले के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।