चालान को परेशानी नहीं सबक समझें
जागरण संवाददाता, नाहन : पुलिस लोगों को परेशान करने के लिए चालान नहीं काटती। यातायात नियमों का उल्लंघ
जागरण संवाददाता, नाहन : पुलिस लोगों को परेशान करने के लिए चालान नहीं काटती। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटा जाता है, जिससे वह दोबारा ऐसी गलती न करें। पुलिस लोगों को परेशान नहीं करती है, बल्कि अपनी ड्यूटी करती है। शनिवार को यह बात एएसपी डॉ. मोनिका ने रोड सेफ्टी क्लब द्वारा डाइट में आयोजित आखों के फ्री चेकअप कैंप में जेबीटी प्रशिक्षुओं से कही।
डॉ. मोनिका ने कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष अमरजीत परमार ने की। शिविर में सबसे पहले जेबीटी की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। क्लब के अध्यक्ष ने शिविर के बारे उपस्थित लोगों को जानकारी दी। एएसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि हमें दुर्घटनाओं से सबक लेना चाहिए। हमें यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। अगर हम यातायात नियमों का पालन करेगे तो दुर्घटनाओं पर रोक लग सकती है। हमें गाड़ी चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए। नशा कर कभी भी गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2016 के आंकड़ों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में तीन हजार दुर्घटनाएं हुई हैं। इसमें सात हजार लोग घायल हुए है, जबकि 1300 लोगों की जान गई है। कहा कि पुलिस समय-समय पर यातायात नियमों के बारे में जागरूकता शिविरों के बारे में लोगों को जागरूक करती रहती है। रोड सेफ्टी क्लबों द्वारा भी समय-समय पर यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि क्लब समय-समय पर सामाजिक कार्य करता रहता है। साथ ही यातायात नियमों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाता है। चालकों व लोगों की आखों को चेककरने के लिए शिविर लगाए जाते है। इस अवसर पर क्लब के प्रेस सचिव प्रताप सिंह, सदस्य मनीष जैन, अशोक सैनी, वीरेद्र पासी, श्याम लाल, असलम खान, सतीश दुग्गल, अनिल शर्मा, रोटरी क्लब के अध्यक्ष राम गोपाल शर्मा के अलावा डाइट का स्टाफ जेबीटी अभ्यर्थी आदि उपस्थित रहे।