कांग्रेस ने चुनाव के दौरान की दादागीरी : बिंदल
संवाद सहयोगी, नाहन : भाजपा के प्रदेश महामंत्री व नाहन विधायक राजीव बिंदल ने वीरवार को यहां जारी बयान में काग्रेस पार्टी नेताओं पर लोकसभा चुनाव की पोलिंग के दौरान सरकार की शह पर खुलकर दादागिरी का आरोप लगाया है। राजीव बिंदल ने कहा कि मतदान के दौरान काग्रेस नेताओं ने कर्मचारियों को डराया व धमकाया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर पोलिंग पार्टियों को शिमला से फोन करवाए गए। पोलिंग अधिकारियों को स्थानांतरण करने की धमकियां भी दी गई। उन्होंने कहा कि विक्रमबाग में काग्रेस के एक नेता ने शराब के नशे में पंचायत उपप्रधान पर हमला कर दिया। कांग्रेस नेता ने उपप्रधान को धमकी भी दी कि भाजपा को वोट डलवाए तो ऐसे ही पिटाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के खिलाफ शिकायत के बाद भी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उपप्रधान की पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि काग्रेस नेताओं को बचाने के लिए सरकार दवाब बनाए हुए हैं। इसके लिए पूरी तरह काग्रेस की सरकार जिम्मेदार है, यहां लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा आंदोलन के अन्य तरीके अपनाने पर मजबूर होगी।