हिमाचलः 24 सितंबर तक विदा हो जाएगा मानसून
एक साथ मूसलधार बारिश के कारण प्राकृतिक जल स्त्रोत भी पूरी तरह रिचार्ज नहीं हो पाए। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा।
शिमला, जागरण संवाददाता। प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित अन्य हिस्सों में धूप खिली रही। पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों में सुहाने मौसम का खूब आनंद उठाया। एक सप्ताह बाद मौसम मेंआए सुधार से तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 23 व 24 सितंबर तक प्रदेश से विदाई ले लेगा।
प्रदेश में इस बार 5 जिलों में मानसून के बादल सामान्य से अधिक बरसे। कुछ जिलों में कई दिन मौसम साफ रहने के बाद अचानक भारी बारिश हुई। इससे फसलों को फायदा होने की जगह नुकसान अधिक पहुंचा। इससे जहां बारिश का आंकड़ा तो पूरा हो गया, लेकिन बारिश से होने वाला फायदा किसानों को नहीं पहुंचा। एक साथ मूसलधार बारिश के कारण प्राकृतिक जल स्त्रोत भी पूरी तरह रिचार्ज नहीं हो पाए। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा। इस दौरान धूप खिलने से तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी हुई है।
हालांकि अभी मानसून जारी है, जिससे 18 व 19 सितंबर को बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान केलांग में 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कहां कितना रहा तापमान शिमला 15.4 24.3 सुंदरनगर 17.1 30.3 भुंतर 14.0 31.1 कल्पा 7.9 21.2 धर्मशाला 16.6 27.8 ऊना 20.7 31.4 मंडी15.9 30.4 नाहन 18.9 28.0 केलांग 6.9 19.6 सोलन 17.6 29.6 ।
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवाओं ने लुढ़काया पारा