प्रदेश में स्वाइन फ्लू से नौवीं मौत
जागरण टीम, शिमला : प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर कम नहीं हो रहा है। स्वाइन फ्लू से पीडि़त हमीरपुर जि ...और पढ़ें

जागरण टीम, शिमला : प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर कम नहीं हो रहा है। स्वाइन फ्लू से पीडि़त हमीरपुर जिला की एक महिला की मौत हो गई जो पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचाराधीन थी। राज्य में चार और लोग स्वाइन फ्लू के पॉजीटिव पाए गए हैं जबकि तीन लोगों में इस रोग के लक्षण हैं। प्रदेश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या नौ हो गई है।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित नादौन के गगाल गांव की महिला की पीजीआइ चंडीगढ़ में शुक्रवार रात मौत हुई। महिला को 21 फरवरी को नादौन अस्पताल में लाया गया था। दो दिन के उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा (आरपीजीएमसी) रेफर किया गया था। वहां से उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया। तीन दिन से उसकी हालत गंभीर थी। नादौन के एसडीएम अनिल मनकोटिया ने बताया कि महिला का शनिवार को गगाल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने कहा कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
वहीं, आइजीएमसी शिमला में शनिवार को चार रोगी स्वाइन फ्लू के पॉजीटिव पाए गए। पॉजीटिव पाए गए रोगी बिलासपुर, आनी व मंडी से संबंधित हैं। आइजीएमसी में शनिवार को चार लोगों के स्वाइन फ्लू के संदिग्ध होने पर सैंपल लिए गए थे। ये चारों पॉजीटिव पाए गए हैं। अस्पताल में रोजाना स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इनमें से गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। आइजीएमसी के चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. राहुल राव का कहना है कि शनिवार को स्वाइन फलू के चार सैंपल लिए थे जो पॉजीटिव पाए गए हैं। आनी उपमंडल की दो महिलाओं की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइजीएमसी रेफर किया गया था। इनमें एक महिला आनी के पुखरी व दूसरी चुवाई क्षेत्र की है। आनी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलदेव ठाकुर ने दोनों महिलाओं की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजीटिव आने की पुष्टि की है। मंडी जिला के जंजैहली में एक युवक में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। कांगड़ा में स्वाइन फ्लू का एक मामला संदिग्ध है जबकि एक मामले में रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दोनों मरीज आरपीजीएमसी टांडा में भर्ती हैं। चंबा जिला के बनीखेत के एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण हैं। उसे भी आरपीजीएमसी टांडा रेफर कर दिया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।