भाजपा देश के लिए खतरा : वीरभद्र
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस के स्टार चुनाव प्रचारक मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा हलके से चुनाव प्रचार कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने शोघी, टूटू, कोहबाग, धामी व थाची में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र से काग्रेस प्रत्याशी मोहन लाल ब्राक्टा के पक्ष में वोट मांगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने पर फूले नहीं समाते हैं जबकि वह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। विकास के मामले में हिमाचल प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धन-बल से कुछ टीवी चैनलों के माध्यम से मोदी की जो छवि प्रस्तुत की जा रही है वह वास्तविकता से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ही सही मायनों में आम लोगों की सच्ची हितैषी है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा देश व प्रदेश में भ्रामक नारे देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही धर्मनिरपेक्षता की हिमायती रही है जबकि भाजपा पूंजीवाद और सरमायेदारों की पक्षधर रही है। बकौल वीरभद्र, भाजपा देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। दावा किया कि काग्रेस प्रदेश की सभी चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी। हाल ही में धर्मशाला में हुई काग्रेस की रैली सफल रही है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में काग्रेस प्रत्याशियों को सहयोग दें। काग्रेस प्रत्याशी मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि वह काग्रेस के सच्चे सिपाही हैं तथा चुनाव जीतने पर क्षेत्र का समान विकास करवाएंगे। उन्होंने शिमला संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, राष्ट्रीय काग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाधी व उपाध्यक्ष राहुल गाधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह 16 अप्रैल को शिमला में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।