भारत विकास परिषद की स्पर्धा में बच्चों ने दिखाए जौहर
जागरण संवाद केंद्र, शिमला : विकासनगर के सरस्वति विद्या मंदिर विद्यालय में रविवार को भारत विकास परिषद ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत को जानो नामक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला और सोलन की टीमों ने भाग लिया। इसमें वरिष्ठ वर्ग में दयानंद पब्लिक स्कूल शिमला के अक्षित रघुवंशी और कार्तिकेय राना ने पहला स्थान हासिल किया। साथ ही दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन के हर्ष शर्मा और मुकुल शर्मा ने दूसरा स्थान एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाउनाजी सोलन के हेमलता और हितेश शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कनिष्ठ वर्ग में दयानंद पब्लिक स्कूल के यामिनि शर्मा और सार्थक चौहान ने पहला स्थान, डीएवी स्कूल के मानस कुमार और कार्तिक चढ्ढा ने दूसरा एवं राष्ट्रीय विद्या केंद्र के विपिन चौहान और आयुष गर्ग ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही समूह गान प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल न्यु शिमला के प्रतिभागियों ने भारत वंदे मातरम गीत के लिए पहला स्थान हासिल किया। दूसरा स्थान लॉरेटो पब्लिक स्कूल के छात्रों ने लक्ष्य न ओझल होने पाए गीत के लिए हासिल किया।
तीसरे स्थान पर डिवाइन पब्लिक स्कूल धर्मपुर के छात्र रहे जिन्होंने अखंड देश के लिए गीत का गायन किया। कार्यक्रम में सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल कालिया ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद भारतीय संस्कृति का प्रसार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। भारत को जानो नामक प्रतियोगिता में भारत के महान व्यक्तियों के बारे में जानने संबंधी विषय की उन्होंने सराहना की।
भारत विकास परिषद के सचिव रश्मीश सीपिया ने कहा कि परिषद लंबे समय से इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन करती रही है। इसका मुख्य उद्देश्य विश्व भर में भारतीय संस्कृति और यहां के महान व्यक्तित्वों की गाथाओं को प्रसारित करना है जिससे लोग समझ सकें कि दुनिया में भारत जैसा कोई दूसरा देश नहीं है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के जोनल अध्यक्ष अनिल कालिया, प्रदेश अध्यक्ष एमपी सिंघल, सचिव सलिल शमशेरी, कोषाध्यक्ष जेएल सूद, परिषद शिमला अध्यक्ष बीएम शर्मा सहित कई अन्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर