वीरभद्र सिंह बोले, मोदी में अटल जैसी उदारता नहीं
हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि दिल्ली मदद के बजाय हमारी जड़े खोदने में लगी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में भी अटल बिहारी वाजपेयी जैसी उदारता नहीं है।
मंडी [जेएनएन]: हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि दिल्ली मदद के बजाय हमारी जड़े खोदने में लगी हुई है। भाजपा के कई नेता दिल्ली के चक्कर काटकर प्रदेश को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं से मिलने वाले पैसे में अड़ंगा डाल रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में भी अटल बिहारी वाजपेयी जैसी उदारता नहीं है। वीरभद्र सिंह रविवार को जिला मंडी के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में करीब 38.80 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व नींव पत्थर रखने के बाद संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: निर्णयों से पलटना वीरभद्र सिंह की आदत: धूमल
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से नीति आयोग के बनने से केंद्र व प्रदेश के रिश्तों को सुदृढ़ करने का दावा पूरी तरह से असफल रहा है। आज राज्य अपने आप को असहाय महसूस कर रहे है। आयोग के गठन से पहले उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। आयोग के गठन से पहले राज्यों से सलाह की जानी चाहिए थी। नीति आयोग अपनी योजनाओं में पूरी तरह से असफल रहा है। राज्यों को किसी भी बैठक के लिए नहीं बुलाया गया। रातोरात योजना आयोग को समाप्त करने का निर्णय सोच-समझकर नहीं लिया गया था। इससे राज्यों की प्रगति अवरुद्ध हुई है।
यह भी पढ़ें: वीरभद्र बोले, पॉलिटिकल माफिया है भाजपा
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय में योजना आयोग ने सही प्रकार से कार्य किया। उस दौरान योजना आयोग से अर्थशास्त्री जुड़े रहे जो राज्यों की जरूरतों से परिचित थे। आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। अटल बिहारी वाजपेयी उनके अच्छे मित्र थे। उन्होंने कभी भी राज्य को निधि आंवटित करते समय भेदभाव नहीं किया। एक राष्ट्रीय नेता होने के नाते उन्होंने राजनीतिक संबद्धता को दरकिनार रखा। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अटल जैसी उदारता नहीं दिखाई। भाजपा शिक्षण संस्थान खोलने पर उनकी आलोचना कर रही है। भाजपा यह समझने में असफल रही है कि शिक्षण संस्थानो में भावी पीढ़ी का भविष्य छिपा हुआ है।
यह भी पढ़ें: अनुराग ठाकुर बोले देहरा में ही बनेगा केंद्रीय विश्वविद्यालय
सांसद को चाय वाला तक नहीं जानता था
वीरभद्र सिंह ने लोगों से ऐसी ताकतों से सचेत रहने का आह्वान किया, जो लोगों को धर्म व क्षेत्र के आधार पर बांटने का प्रयास करते है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में जातिवाद का नारा दिया था। ऐसे व्यक्ति को सांसद बनाया जिसको चाय की दुकान वाला भी नहीं जानता था। वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह हिमाचल को जोड़ने वालों में है। उनके रहते हुए हिमाचल को कोई तोड़ नहीं पाएगा।