सरकार के खिलाफ कल से गरजेगी भाजपा
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि भाजपा कांग्रेस के माफिया को दि
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि भाजपा कांग्रेस के माफिया को दिए जा रहे संरक्षण के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। बिलासपुर जिला मुख्यालय से 21 फरवरी से माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ अभियान शुरू किया जाएगा। प्रदेश के सभी भाजपा मंडलों में यह अभियान चलाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल इसकी शुरूआत करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्ती रविवार को सुंदरनगर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सतपाल सत्ती सुंदरनगर की बीबीएमबी कॉलोनी में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के समापन सत्र में भाग लेने आए थे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जिला, मंडल स्तर पर जनसभाएं की जाएंगी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। 21 फरवरी को बिलासपुर से इसकी शुरूआत की जाएगी। इसके बाद 22 फरवरी को कुल्लू, 23 को सरकाघाट में माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ कार्यक्रम की जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। सरकार ने माफिया को संरक्षण दिया हुआ है। चाहे वह खनन माफिया हो या फिर शराब और वन माफिया। उन्होंने कहा कि दुकानों में चाय कम शराब ज्यादा बिक रही है। चार साल से प्रदेश में अवैध खनन का बोलबाला है। प्रदेश में कुछ लोगों के कर्मचारियों के तबादलों के माध्यम से व्यारे-न्यारे हो रहे हैं। ये लोग पहले कर्मचारियों के तबादले करवाते हैं और बाद में उन्हीं का फिर से तबादला करवाने की एवज में पैसे वसूल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार संबंधित क्षेत्रों के सांसद और विधायकों को सरकारी कार्यक्रमों में निमंत्रण तक नहीं दे रही है। बिलासपुर में कांग्रेस विधायक की ओर से मारपीट का शिकार हुए युवकों के अभिभावकों को धमकाया जा रहा है।