शिवरात्रि महोत्सव में शहर में लगेंगे 500 झंडे
संवाद सहयोगी, मंडी : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंडी शहर में करीब 500 झंडे लगाए जाएंगे
संवाद सहयोगी, मंडी : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंडी शहर में करीब 500 झंडे लगाए जाएंगे। शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति ने यह कार्य आइपीएच विभाग को सौंपा है। विभाग द्वारा झंडे लगाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए काफी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ स्थानों पर झंडे लगा दिए गए हैं और शेष स्थानों पर आगामी एक या दो दिन में झंडे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। झंडे लगाने के साथ पाइपें गाड़ने का काम भी आइपीएच विभाग द्वारा ही किया जाएगा। रविवार को अवकाश के दिन भी विभाग के कर्मचारियों ने शहर के चौहाटा बाजार, उपायुक्त कार्यालय के आसपास झंडे लगाए।
शिवरात्रि महोत्सव के दौरान शहर के सुंदरीकरण के लिए जहां झंडे लगाए जा रहे हैं, वहीं शहर के सार्वजनिक स्थानों पर रंग-रोगन का कार्य चला हुआ है। सड़क के किनारों पर सफेदी की जा रही है। पूरे शहर में एलईडी भी लगाई जा रही हैं। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों तथा अन्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। यह कार्य विभिन्न विभागों को सौंपे गए हैं।
आइपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता राजकुमार सैनी ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति द्वारा शहर में झंडे लगाने का काम विभाग को सौंपा गया है। विभाग द्वारा इसके लिए कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। शहर के अधिकतर स्थानों पर झंडे लगा दिए गए हैं।